डी बी एस न्यूज, महराजगंज: पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस गरीबों व किसानों की पार्टी है। हम अडानी व अंबानी की गोद में बैठकर शासन नहीं करते। अब तक देश में जितना भी विकास हुआ है , वह कांग्रेस की देन है। पं. नेहरू ने देश के विकास की नींव रखी थी। आज भारत खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भर है। हम विश्व के 50 देशों को अपने यहां का उत्पादित अनाज बेच रहे हैं। यह कांग्रेस की नीतियों की देन है।
शनिवार की शाम महराजगंज जिले के कोल्हुई बाजार में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आजाद ने कहा कि गरीबों की कोई जाति नहीं होती। सभी जाति- धर्म के लोग गरीब होते हैं। गरीबी अपने आप में एक मजहब है। गरीबी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए कांग्रेस ने न्याय योजना लाने का निर्णय लिया है। इस योजना के अंतर्गत पूरे देश के पांच करोड़ परिवारों को आच्छादित कर उनके खाते में हर माह छह हजार रुपये भेजे जाएंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जाहिल पूछते हैं कि 70 साल में क्या हुआ? इसका जवाब है कि देश कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर हुआ है, उद्योग धंधे स्थापित हुए हैं। आज देश सभी क्षेत्रों में आगे है, तो यह कांग्रेस की देन है । नेता प्रतिपक्ष ने नोटबंदी को मुर्खतापूर्ण निर्णय बताते हुए कहा कि इसके चलते लाखों छोटे उद्योग धंधे बंद हो गए, जिससे 4.73 करोड़ लोगों का रोजगार छिन गया है। जनसभा को कांग्रेस प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत ने भी संबोधित किया।