डी बी एस न्यूज,सिसवा: कस्बे के वार्ड नंबर 3 निवासी विद्या प्रजापति के पुत्र विवेक प्रजापति ने इसरो वैज्ञानिक संस्थान में नियुक्त होकर महराजगंज जनपद सहित अपने क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
सिसवा आईपीएल चीनी मिल के स्टोर इंचार्ज पद पर कार्यरत विद्या प्रजापति के बेटे विवेक ने भारत के प्रसिद्ध इसरो संस्थान में वैज्ञानिक पद पर नियुक्त होकर सिसवा क्षेत्र तथा जिले का नाम रोशन किया है।प्रारम्भ से ही पढ़ाई में अव्वल रहे विवेक कुमार प्रजापति ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय सेंट जोसेफ़ सीनियर सेकेंडरी तथा हाईस्कूल चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर से पूरी करने के बाद इंटरमीडिएट की शिक्षा जुबली राजकीय इंटर कॉलेज गोरखपुर से किया। इसके बाद अपने सपनो को अपने हौसलों से प्राप्त करने की दिशा में यूपीटीयू प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दिल्ली से बीटेक किया। विवेक के परिवार में माता रीता देवी के प्रयासों से पढ़ाई का बेहतर माहौल रहा। जिसकी वजह से दोनों छोटी बहनें शालिनी और अंकिता भी बीटीसी कर रही है। तैयारी के दौरान दो वर्ष तक घर ना आने वाले विवेक की मेहनत रंग लाई और भारत की अग्रणी वैज्ञानिक संस्थान इसरो में नियुक्त हुए। उनके इस सफलता पर सिसवा क्षेत्र के लोगों ने परिजनों को ढेर सारी बधाई दी है।