डीबीएस न्यूज, नौतनवां/महराजगंज: जनपद में लगातार उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी सारस की मौत की खबरे आ रही है। इनमें से अधिकांश मौत विधुत स्पर्शघात के कारण है। इसके साथ ही पिछले साल के अपेक्षा इस साल जनपद में राजकीय पक्षी सारस की संख्याओं में कमी आयी है। इन मामलों से यह स्पष्ट है कि कहीं न कहीं जनपद में वन विभाग उदासीन दिख रहा है।
जनपद में वन विभाग के सरकारी रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष 2023 में जनपद में राजकीय पक्षी सारस की संख्या 321 है। लेकिन पिछले वर्ष सारस की संख्या 357 थी। अर्थात स्पष्ट है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 36 सारस में कमी आयी है।
वहीं आज 2 दिसंबर 2023 को सुबह 6 बजे घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रजवल से शिवपुर मार्ग पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पड़े राजकीय सारस पक्षी मिला हैं, ग्रामीणों ने इसे घुघली थाने को सुपुर्द कर दिया।
और कल 1 दिसंबर को नौतनवां थाना क्षेत्र के बरवाभोज गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर करंट की चपेट में आने से राजकीय पक्षी सारस गंभीर रूप से घायल हो गया था। आसपास के लोग उसे पशु चिकित्सालय ले गए, जहां ताला बंद मिला। कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि नौतनवा नगर पालिका निवासी रितेश कुमार, शैलेश मौर्य, अभिषेक कुमार शुक्ला, रामू रेलवे अंडरपास बरवाभोज मार्ग से नौतनवां कस्बे के तरफ आ रहे थे। अचानक हाइवोल्टेज तार से सारस पक्षी टकराकर खेत में गिर गया। चारों व्यक्ति सारस को लेकर सोनौली कोतवाली क्षेत्र के कुनसेरवा स्थित पशु अस्पताल ले गए, जो बंद था। फोन पर स्वास्थ्यकर्मी को जानकारी दी गई, लेकिन काफी समय बीत जाने पर कोई नहीं पहुंचा। आखिरकार सारस की तड़पकर मृत्यु हो गई। लोगों ने कहा कि समय से उपचार हो जाता तो जान बचाई जा सकती थी, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही से उसकी मृत्यु हो गई।
अंत में युवकों ने इसकी सूचना वन विभाग के रेंजर को दी और मृत सारस को नौतनवा थाना की पुलिस को दे दिया गया।
केस 1– इस साल के 23 अप्रैल 2023 को नौतनवां थाना क्षेत्र के गांव बैरवा बनकटवा के मरजादपुर टोला के पास सड़क के किनारे करंट की चपेट में आने से राज्य पक्षी सारस की मौत हुई थी।
केस 2– इसी साल के 2 जुलाई 2023 को नौतनवां तहसील अड्डा क्षेत्र के ग्राम बैजनाथपुर उर्फ चरका में ग्रामीणों ने अज्ञात कारणों से घायल सारस को प्राथमिक उपचार कर लक्ष्मीपुर रेंज के टेढ़ीया वन विभाग को सौप दिया।
केस 3– इसी साल के 17 जुलाई 2023 को फरेंदा थाना क्षेत्र के बरगदवा मधुबनी में बिजली की चपेट में आने से राजकीय पक्षी सारस की मौत हो गयी।
केस 4– बीते 8 नवम्बर को नौतनवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चौतरवा के मुख्य चौराहे पर एक हाइबोल्टेज तार के चपेट में आने से सारस की मौत हो गयी। लोगो ने इसकी सूचना वन विभाग को दी लेकिन 2 घण्टे बाद सारस ने दम तोड़ दिया।
केस 5- 1 दिसंबर 2023 को नौतनवां क्षेत्र के ग्राम बरवभोज में करंट की चपेट में आने से सारस को हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर के समय से न पहुचाने के वजह से अस्पताल में सारस की तड़प कर मौत हो गयी।
केस 6- 2 दिसंबर 2023 को घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रजवल से शिवपुर मार्ग पर संधिक्त परिस्थितियों में मृत्य सारस पक्षी मिला, ग्रामीणों ने इसे घुघली थाने के हवाले कर दिया।