रिपोर्ट- धीरज मद्धेशिया
डीबीएस न्यूज, महराजगंज: महराजगंज में एसएसबी 22 वीं बटालियन मुख्यालय परिसर में सशस्त्र सीमा बल का 60 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ खेलकूद का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आपको बता दें कि 20 दिसम्बर 1963 को ही सशस्त्र सीमा बल मूल रूप से 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद स्पेशल सर्विस ब्यूरो के नाम से स्थापित किया गया था। कारगिल युद्ध के बाद एसएसबी के कार्य क्षेत्र और भूमिका में परिवर्तन कर इसे वर्ष 2001 में गृह मंत्रालय के अधीन कर दिया गया। बाद में सीमा रक्षक बल बनाकर 1751 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल सीमा पर एवं सन 2004 में 699 किलोमीटर लंबी भारत भूटान सीमा पर देश की रक्षा का दायित्व सौंपा गया। भारत सरकार ने सन 2004 में नई भूमिका के अनुरूप इसका नाम बदलकर सशस्त्र सीमा बल कर दिया।
आज देशभर में एसएसबी अपना 60 वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर शंकर सिंह कमाण्डेन्ट, डॉ. सुशांत शाहाजी पारेकर द्वितीय कमान अधिकारी, राकेश कुमार उप कमाण्डेन्ट, महावीर भामु उप कमाण्डेन्ट, राजीव पायलट सहायक कमाण्डेन्ट, आशीष कुमार सहायक कमाण्डेन्ट, दिनेश चंद्र विश्वास और अधिनस्थ अधिकारी, जवान आदि मौजूद रहे।