
डीबीएस न्यूज, नौतनवा/महराजगंज। 13 दिसंबर 2025 को देवदह क्षेत्र से प्रारंभ होकर संकिसा तक पहुँची धम्मचारिका पद यात्रा ने धम्म, करुणा और जागृति के संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित किया। यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और शांति का प्रतीक बनी।

14 दिसंबर 2025 की प्रातः पूज्य भिक्षु संघ के जलपान उपरांत पद यात्रा पुनः आगे बढ़ी और संकिसा पहुँचकर महान स्तूप पर पूजा–वंदना की गई। इस दौरान बौद्ध अनुयायियों ने भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का स्मरण करते हुए मानवता, अहिंसा और करुणा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। भन्ते चन्दिमा महाथेरो के नेतृत्व में सारनाथ से संकिसा (जनपद फर्रुखाबाद) तक आयोजित इस ऐतिहासिक धम्मचारिका पद यात्रा में देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र राव, उपाध्यक्ष महेन्द्र जायसवाल, महामंत्री लक्ष्मीचन्द पटेल, संरक्षक सुग्रीव प्रसाद बौद्ध तथा सुनील कुमार गौतम महेदिया ने यात्रा में सम्मिलित होकर धम्म चेतना को बल दिया।

