डीबीएस न्यूज, नौतनवां: उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ का नवागत शिक्षक सम्मान समारोह मंगलवार को गोरखा सैनिक स्कूल नौतनवां में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण से हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यअतिथि उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य विनोद कुमार गौतम ने किया।
जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने वर्तमान चुनौतियों के सन्दर्भ में मूल्यबोध, राष्ट्रहीत तथा राष्ट्रीय चेतना जागृत करने में शिक्षक की महती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित समस्त नवनियुक्त शिक्षकों से कहा कि शिक्षकों के कार्यकाल के दौरान आने वाली समस्त विभागीय समस्याओं के निस्तारण करने में सदैव आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग प्रदान करेंगे। जिलाध्यक्ष ने नवागत अध्यापको को अपने-अपने विद्यालय में बेहतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
कोषाध्यक्ष चंद्रभान ने बताया कि हमसभी के द्वारा हर विकास खंड में शिक्षकों की समस्या को बुलंद आवाज के रूप में पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा, जिससे शिक्षक अपने मुख्य कार्य शिक्षण में पूर्ण मनोयोग से जुट सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष राघवेंद्र नाथ पांडेय, राकेश कुमार बाल्मीकि, मनौवर अली अंसारी, पीपी गुप्ता, कलानंद रजत, कमलानन शुक्ल आदि शिक्षकों का पूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।