
डीबीएस न्यूज, महराजगंज।22वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल चार लोगों की जान बचाई।
दिनांक 27 मार्च 2026 को शाम लगभग 7:30 बजे नदी-02 ओपी पोस्ट के समीप एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार चार लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी ठूठीबारी, सहायक कमांडेंट सुश्री प्रिया यादव ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक (सामान्य) अजित तालुकदार के साथ सरकारी वाहन (टाटा योद्धा) से मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चे घायल हो गए।
आसपास कोई अन्य सहायता उपलब्ध न होने पर SSB जवानों ने बिना देर किए सभी घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, निचलौल पहुंचाया, जहां उनका तत्काल प्राथमिक उपचार किया गया।
घायलों में बिंद्रेश यादव (32 वर्ष), सुमन यादव (30 वर्ष), अंश यादव (06 वर्ष) और मोहिनी (08 वर्ष) शामिल हैं। कुछ ही देर में उनके परिजन भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए, जिनके सुपुर्द सभी को सुरक्षित सौंप दिया गया।
SSB जवानों की इस त्वरित कार्रवाई, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।

