
डीबीएस न्यूज, महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एसएसबी गोरखपुर सेक्टर के डीआईजी श्री मुन्ना सिंह ने शुक्रवार 19 दिसंबर 2025 को सोनौली ट्रेड एवं ट्रांजिट रूट का निरीक्षण किया। सुबह 8 बजे डीआईजी ने सीमा स्तंभ संख्या 517 से 517/2 तक पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
इस दौरान उनके साथ 22वीं वाहिनी एसएसबी महराजगंज के एफ कंपनी मुख्यालय सोनौली के कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट सी. विवेक मौजूद रहे, जिन्होंने सीमा क्षेत्र की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
डीआईजी ने सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों की ऑपरेशनल तैयारियों, सतर्कता एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया तथा किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधि, घुसपैठ या अस्थिरता को रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें आश्वस्त किया कि एसएसबी सदैव सेवा, सुरक्षा और भाईचारे के साथ सीमा क्षेत्र में तैनात है। उन्होंने लोगों से तंबाकू उत्पादों—सिगरेट, गुटखा, खैनी आदि—से दूर रहने की अपील करते हुए इनके दुष्प्रभावों और कैंसर जैसी बीमारियों के बारे में जागरूक किया। साथ ही लोगों को दूध, फल और मोटे अनाज जैसे स्वस्थ विकल्प अपनाने की सलाह दी।
डीआईजी ने नो मैन्स लैंड को स्वच्छ रखने, खुले में शौच न करने तथा कचरा न फैलाने का संदेश दिया। उन्होंने क्षेत्र में फलदार पौधों के रोपण पर जोर देते हुए स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर डीआईजी ने नेपाल की एपीएफ, नेपाल पुलिस, तथा भारत की स्थानीय पुलिस, इमीग्रेशन, कस्टम, आईबी और सिविल प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को सुगमता से संचालित किया जा सके।
निरीक्षण का समापन डीआईजी के जवानों से संवाद के साथ हुआ, जिससे बल कर्मियों का मनोबल बढ़ा।

