सन्तोष कुमार की रिपोर्ट…..
डीबीएस न्यूज़, सिद्धार्थनगर: जनपद सिद्धार्थनगर के इटवा ब्लॉक पर नामांकन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय अपनी पत्नी फूलमति पांडेय का नामांकन करने पहुंचे थे, लेकिन कुछ अराजक तत्वों ने उनसे पर्चा छीन कर फाड़ दिया
चुनाव नामांकन के दौरान सिद्धार्थनगर में भी बड़ा तमाशा देखने को मिला। यहां के इटवा ब्लॉक केंद्र पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय अपनी पत्नी फूलमति पांडेय का नामांकन कराने पहुंचे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, उसी समय कुछ अराजक तत्वों ने माता प्रसाद पांडेय से धक्कामुक्की की और पर्चा छीनकर फाड़ दिया। कुछ उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी का शीशा भी तोड़ डाला। इसके बाद वहां खूब हंगामा हुआ। घटना के खिलाफ सपा के लोगों ने जमकर नारेबाजी की।
माता प्रसाद पांडेय ने अपनी पत्नी के लिए 4 सेट में पर्चा खरीदा था। अराजक तत्वों के हाथ सिर्फ एक पर्चा ही लगा था। इससे फूलमति पांडेय 3 सेट में अपना नामांकन कर पाईं। पूरे घटना क्रम के दौरान वहां पुलिस फोर्स मौजूद थी। उसने दोनों पक्षों के बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। बाद में माता प्रसाद ने उनसे हुई बदसलूकी के लिए भाजपा के लोगों को जिम्मेदार ठहराया।
बेसिक शिक्षा मंत्री पर लगा आरोप
पूरे घटनाक्रम पर माता प्रसाद पांडे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोगों ने ब्लॉक पर आते ही मेरे साथ धक्का-मुक्की कर मेरा पर्चा छीनकर फाड़ दिया। साथ में धक्का मुक्की भी की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह सब इटवा से भाजपा के विधायक और प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री सतीश द्विवेदी के इशारे पर हो रहा है।