डीबीएस न्यूज, नौतनवां/महराजगंज: उत्तर प्रदेश में स्नातक खण्ड व शिक्षक एमएलसी चुनाव पांच सीट पर आज संपन्न हुआ। दो फरवरी को मतगणना होगी। सभी जगह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न हुआ।
वहीं महराजगंज जनपद के रतनपुर ब्लॉक पर बनाये गए पोलिंग बूथ पर गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक चुनाव के लिए नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी और नौतनवां ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया ने भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा की किसी से कोई लड़ाई ही नही है। भाजपा प्रत्याशी की जीत निश्चित है। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
गोरखपुर- फैजाबाद स्नातक खण्ड चुनाव में महराजगंज जनपद में कुल 15 पोलिंग बूथ बनाये गए है। चुनाव में कुल 24 उम्मीदवारों में मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी देवेंद्रप्रताप सिंह एवं समाजवादी पार्टी प्रत्याशी करुणाकांत मौर्य के बीच माना जा रहा है।
चुनाव सम्पन्न होने के बाद मतपेटिका को सील कर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय विभाग में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। दो फरवरी को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।