रिपोर्टर रतन गुप्ता 5 May 2023
डीबीएस न्यूज। आज साल 2023 का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। वैज्ञानिक नजरिए से देखा जाए तो ग्रहण एक खगोलीय घटना है। हालांकि, धार्मिक मान्यताओं में इसे अशुभ माना जाता है। आज पड़ने वाला चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा।
Highlites-
- आज साल 2023 का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है इससे 15 दिन पहले 20 अप्रैल को सूर्य ग्रहण लगा था।
- आज होने वाला चंद्र ग्रहण पूर्ण चंद्र ग्रहण नहीं है।
आज साल 2023 का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह रात 8 बजकर 44 मिनट से शुरू होकर रात 1 बजकर 2 मिनट पर खत्म होगा। इस तरह यह कुल 4 घंटे 14 मिनट तक रहेगा। लेकिन यह चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा। आज होने वाला चंद्रग्रहण एशिया, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण पूर्वी यूरोप के कुछ भागों में दिखाई देगा।
आज से पंद्रह दिन पहले 20 अप्रैल को इस साल का पहला सूर्य ग्रहण लगा था। उसके बाद से यह साल का दूसरा ग्रहण है। वैसे तो इसकी हिंदू धर्म में धार्मिक मान्यता है। इसके साथ कई कर्मकांड जुडे़ हैं लेकिन शुद्ध वैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाए तो यह एक ऐसी आकाशीय घटना है जो पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा के पारस्परिक स्थिति पर निर्भर है।
चंद्र ग्रहण के समय पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच में आ जाती है। ऐसी स्थिति में जब पृथ्वी की छाया चंद्रमा की सतह पर पड़ती है तो चंद्रमा का वह भाग नहीं दिखाई देता। सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा की अलग-अलग दूरी और अंतरिक्ष में उनकी स्थिति के हिसाब से चंद्र ग्रहण भी पूर्ण और आंशिक होते हैं। जब पृथ्वी की छाया पूरे चंद्रमा को ढंक लेती है तो वह पूर्ण चंद्रग्रहण कहलाता है। लेकिन आज पूर्ण नहीं आंशिक चंद्रग्रहण है।